जाफराबादी भैंस बनी आकर्षण का केंद्र, पशुपालन में नई संभावनाओं की झलक
भोपाल/रायसेन,-मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में आयोजित तीन दिवसीय ‘उन्नत कृषि महोत्सव 2026’ न केवल किसानों और पशुपालकों के लिए ज्ञान का मंच बना है, बल्कि आधुनिक कृषि और पशुपालन की नई दिशा भी दिखा रहा है। ‘कृषि कल्याण महोत्सव’ के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उन्नत तकनीकों, नस्लों और सरकारी योजनाओं का संगम देखने को मिल रहा है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
महोत्सव का शुभारंभ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस मौके पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने किसानों को आधुनिक खेती और पशुपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
जाफराबादी भैंस ने खींचा ध्यान
प्रदर्शनी में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र बनी ऊंची कद-काठी और अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रसिद्ध जाफराबादी भैंस। अपनी मजबूत बनावट और उच्च उत्पादकता के कारण यह नस्ल पशुपालकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह भैंस डेयरी व्यवसाय को लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
योजनाओं और तकनीक की जानकारी
महोत्सव में पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल पर किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही,
कुक्कुट विकास निगम, नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा महाविद्यालय, जबलपुर, गो संवर्धन बोर्ड, नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड, सांची बोर्ड
जैसी संस्थाओं ने भी अपने-अपने स्टॉल के माध्यम से किसानों को नई संभावनाओं से अवगत कराया।
उन्नत नस्लों का प्रदर्शन
कार्यक्रम में कड़कनाथ मुर्गी समेत कई उन्नत नस्लों की कुक्कुट प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही गिर और साहीवाल नस्ल की गायों तथा मुर्रा भैंस का जीवंत प्रदर्शन कर किसानों को आधुनिक पशुपालन की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।
आत्मनिर्भरता की ओर कदम
महोत्सव का उद्देश्य किसानों और पशुपालकों को तकनीक, प्रशिक्षण और योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसान उन्नत नस्लों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाते हैं, तो पशुपालन क्षेत्र उनकी आर्थिक मजबूती का प्रमुख आधार बन सकता है।
कार्यक्रम में पशुपालन एवं डेयरी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे, जो इस महोत्सव से नई सीख लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं।