सहारनपुर में उत्तर प्रदेश दिवस 2026 पर भव्य किसान प्रदर्शनी व मिलेट्स मेला आयोजित
सहारनपुर –उत्तर प्रदेश दिवस समारोह 2026 के अवसर पर ‘‘उत्तर प्रदेश श्रीअन्न (मिलेट्स)’’ योजना के अंतर्गत जनपद स्तरीय एक दिवसीय किसान प्रदर्शनी, मिलेट्स रेसिपी एवं त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत किसान मेले का आयोजन सहारनपुर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मोटे अनाज (श्रीअन्न) और मक्का आधारित उन्नत खेती व मूल्य संवर्धन के प्रति जागरूक करना रहा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुख्य अतिथि एवं गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जसवंत सैनी, राज्य मंत्री (संसदीय कार्य एवं प्रौद्योगिकी विकास), उत्तर प्रदेश रहे। इस अवसर पर मांगेराम चौधरी (जिला पंचायत अध्यक्ष), देवेन्द्र निम (विधायक रामपुर मनिहारान), मुकेश चौधरी (विधायक नकुड़), राजीव गुम्बर (विधायक सहारनपुर नगर), डॉ. अजय कुमार (महापौर सहारनपुर), सेठपाल सिंह (पद्मश्री कृषक), चौधरी राजपाल सिंह (चेयरमैन, जिला सहकारी बैंक), डॉ. रूपेश कुमार (आयुक्त, सहारनपुर मंडल), मनीष बंसल (जिलाधिकारी), आशीष तिवारी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक), सुमित महाजन (मुख्य विकास अधिकारी) सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी, वैज्ञानिक व विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों व एफपीओ के स्टॉलों का निरीक्षण
अतिथियों ने मेला पंडाल में विभिन्न विभागों, एफपीओ, खाद्य एवं रसद विभाग, ओडीओपी, यूपीनेडा, शाकुम्भरी विश्वविद्यालय तथा स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा सरस्वती वंदना के उपरांत स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
जनप्रतिनिधियों ने साझा किया सरकार का विजन
विधायक देवेन्द्र निम ने उपस्थित किसानों एवं छात्र-छात्राओं को उत्तर प्रदेश दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। विधायक मुकेश चौधरी ने कहा कि विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश, विजन-2047 को साकार करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। विधायक राजीव गुम्बर ने स्मार्ट सिटी, स्वच्छ भारत अभियान सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर प्रकाश डाला।
मिलेट्स और मक्का से बढ़ेगी किसानों की आय
कृषि वैज्ञानिक डॉ. वीरेन्द्र वर्मा ने बाजरा, ज्वार, रागी, मण्डवा, कोदो, सांवा जैसे मिलेट्स से तैयार उत्पादों और उनके पोषक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मक्का की फसल में स्वीटकॉर्न और बेबीकॉर्न के माध्यम से किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं।
उत्कृष्ट कृषकों व उद्यमियों का सम्मान
मुख्य अतिथि जसवंत सैनी ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों एवं उद्यमियों को किट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
चित्र: सौजन्य सोशल मीडिया