यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में कृषि विभाग का दमदार प्रदर्शन, कृषि नवाचार और किसान हितैषी योजनाओं पर रहा फोकस
ग्रेटर नोएडा। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के दूसरे दिन कृषि विभाग, उत्तर प्रदेश ने अपनी विविध गतिविधियों, आधुनिक कृषि तकनीकों और किसान कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कृषि, किसान और नवाचार को एक मंच पर लाने वाले इस आयोजन में प्रदेश की कृषि क्षमता, उपलब्धियों और नई तकनीकों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया गया।
कृषि विभाग के प्रदर्शनी मंडप में किसानों, उद्यमियों, कृषि वैज्ञानिकों, निवेशकों और आगंतुकों को आधुनिक खेती, कृषि यंत्रीकरण, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण, बीज उत्पादन, कृषि प्रसंस्करण तथा डिजिटल कृषि से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई गईं। विभाग की ओर से प्रदेश में कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और किसानों की आय बढ़ाने के लिए चल रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन न केवल प्रदेश के कृषि उत्पादों और तकनीकों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद करते हैं, बल्कि किसानों, कृषि स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच बेहतर संवाद का अवसर भी प्रदान करते हैं। इससे कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने आगंतुकों को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं, आधुनिक कृषि पद्धतियों तथा कृषि क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रदर्शनी में कृषि से जुड़े कई नवाचारों और तकनीकी समाधानों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव कृषि डॉ. एम. के. एस. सुंदरम्, अपर कृषि निदेशक लोकेन्द्र सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक धीरेंद्र सिंह, संयुक्त कृषि निदेशक स्मिता वर्मा सहित कृषि विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश सरकार कृषि क्षेत्र को आधुनिक, तकनीक आधारित और लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में कृषि विभाग की सक्रिय भागीदारी इसी प्रयास का हिस्सा है, जिसके माध्यम से प्रदेश की कृषि उपलब्धियों को वैश्विक पहचान दिलाने और किसानों को नए अवसरों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

























