कृषि मामलों में केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने के लिए चर्चा आवश्यक है।आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और सिक्किम के कृषि मंत्री पूरन कुमार गुरुंग ने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान से नई दिल्ली के कृषि भवन में मुलाकात की। इस बैठक का उद्देश्य राज्यों की कृषि और ग्रामीण विकास से संबंधित जरूरतों और मुद्दों पर चर्चा करना और केंद्र सरकार के सहयोग को मजबूत करना था।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ बैठकों की एक सीरीज शुरू की ताकि उनके मंत्रालयों से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जा सके और उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। इसी क्रम में आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और सिक्किम के कृषि मंत्री पूरन कुमार गुरुंग से नई दिल्ली के कृषि भवन में बैठक की।
केंद्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आंध्र प्रदेश की जनता के हितों को प्राथमिकता देती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंत्रालय राज्य को हर संभव सहायता प्रदान करेगा और आंध्र प्रदेश की जनता के साथ है। बैठक के दौरान राज्य में कृषि और ग्रामीण विकास योजनाओं से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा हुई जिनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना व मनरेगा आदि शामिल हैं। चौहान ने प्रधानमंत्री जनमन के तहत आंध्र प्रदेश राज्य में सड़कों की स्वीकृति के बारे में भी चर्चा की। श्री पवन कल्याण ने केंद्रीय मंत्री को आंध्र प्रदेश में लखपति दीदी योजना की सफलता के बारे में भी जानकारी दी। श्री पवन कल्याण ने केंद्रीय मंत्री को आंध्र प्रदेश आने का निमंत्रण दिया जिसे मंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
सिक्किम की चर्चा: केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में किसानों और कृषि क्षेत्र का हित सर्वोपरि है तथा केन्द्र सरकार राज्य में जैविक कृषि को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करती रहेगी। चौहान ने कहा कि सिक्किम में जैविक खेती, प्राकृतिक खेती व अन्य मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। केन्द्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि जैविक खेती व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय पर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान करेगा। इस बैठक से केंद्र और राज्य के बीच रिश्ता मजबूत होगा और भरोसा बढ़ेगा। यह बैठक राज्यों और केंद्र सरकार के बीच समन्वय और सहयोग को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आयोजित यह चर्चा न केवल राज्यों की जरूरतों को समझने में मददगार है, बल्कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच तालमेल बढ़ाने का एक प्रयास भी है। बैठक के दौरान कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।