सीतापुर में कृषि नवाचारों की झलक, मंत्री ने किया निरीक्षण

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने केवीके कटिया में उन्नत खेती, नैनो यूरिया व महिला तकनीकी पार्क का किया निरीक्षण :

सीतापुर। -जनपद सीतापुर के कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके)–द्वितीय, कटिया में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कृषि नवाचारों और आधुनिक तकनीकों का स्थलीय अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने लाइन सोइंग पद्धति से की गई गेहूं की उन्नत खेती का निरीक्षण किया तथा ड्रोन के माध्यम से नैनो यूरिया के छिड़काव के प्रदर्शन को देखा। मंत्री ने केवीके परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

लाइन सोइंग से गेहूं की खेती का अवलोकन !!

कृषि मंत्री ने लाइन सोइंग पद्धति से बोई गई गेहूं की फसल का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह पद्धति उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ बीज, उर्वरक और सिंचाई जल की बचत में सहायक है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक विधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे खेती अधिक लाभकारी बन सकती है।

 ड्रोन से नैनो यूरिया छिड़काव का प्रदर्शन !! 

निरीक्षण के दौरान ड्रोन के माध्यम से नैनो यूरिया के छिड़काव का प्रदर्शन किया गया। मंत्री शाही ने कहा कि नैनो यूरिया किसानों के लिए एक आधुनिक, प्रभावी और भविष्य उन्मुख उर्वरक है। यह पारंपरिक यूरिया की तुलना में पौधों को आवश्यक नाइट्रोजन अधिक तेजी और सटीकता से उपलब्ध कराता है, जिससे फसल का समुचित विकास होता है। उन्होंने बताया कि नैनो यूरिया के प्रयोग से मिट्टी की सेहत सुधरती है, पर्यावरण प्रदूषण कम होता है और किसानों की उत्पादन लागत में कमी आती है। उत्पादन लागत घटने और उपज बढ़ने से किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है।

रंगीन मत्स्य बीज बैंक व कृषक पाठशाला का लोकार्पण:

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय मत्स्य आनुवंशिकी संसाधन ब्यूरो की अनुसूचित जाति उपयोजना के अंतर्गत रंगीन मत्स्य बीज बैंक एवं रंगीन मत्स्य कृषक पाठशाला का लोकार्पण किया गया। मंत्री ने कहा कि यह पहल मत्स्य पालकों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

ग्रामीण महिला तकनीकी पार्क का निरीक्षण : 

कृषि मंत्री ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के साइंस फॉर इक्विटी, इम्पावरमेंट एंड डेवलपमेंट (SEED) डिवीजन द्वारा उत्प्रेरित एवं वित्तपोषित ‘ग्रामीण महिला तकनीकी पार्क’ का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां महिला किसानों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे नवाचारों की सराहना की तथा कहा कि इस प्रकार की परियोजनाएं ग्रामीण महिलाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में सहायक हैं।साथ ही आयोजित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन कर मंत्री ने कृषि आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश !!

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान मंत्री शाही ने गौ माता को गुड़ और चना खिलाकर पशु संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की अपील की।

जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे उपस्थित :

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला,  सदस्य विधान परिषद पवन सिंह चौहान, राज्य कृषि प्रबंध संस्थान रहमानखेड़ा के निदेशक आर.के. सिंह, संयुक्त निदेशक लखनऊ मंडल अजय कृष्णा, उप निदेशक कृषि एस.के. सिंह तथा जिला कृषि अधिकारी संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।