शाहपुरा में ग्रामीणों से सीधा संवाद, अधिकारियों को दिए निर्देश, किसानों के उत्थान के लिए सरकार प्रतिबद्ध: जोगाराम पटेल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जयपुर, 13 मई। -राजस्थान सरकार ग्रामीण विकास और किसानों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह बात राजस्थान सरकार के विधि एवं संसदीय मंत्री जोगाराम पटेल ने शाहपुरा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित जनसुनवाई और संध्या चौपाल कार्यक्रम के दौरान कही।
राज्य सरकार की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और आमजन को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम रथ अभियान, कला जत्था एवं संध्या चौपाल कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को प्रभारी मंत्री ने ग्रामीणों और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों से 23 से 25 मई 2026 तक जयपुर के जेईसीसी सीतापुरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी।
किसानों ने उठाए सिंचाई और कृषि अनुदान के मुद्दे
कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन, सिंचाई, विद्युत, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं पर जनसुनवाई की गई। किसानों ने फसल सुरक्षा, सिंचाई सुविधाओं की कमी, कृषि अनुदान और विभागीय योजनाओं से संबंधित मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर रामचरण बोहरा, उपेन यादव, आलोक बेनीवाल, सुरेश बादलीवाल, विशाल पार्थ एवं ताराचंद चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं उपखंड अधिकारी चौमूं दिलीप सिंह राठौड़, तहसीलदार विजयपाल बिश्नोई, विकास अधिकारी समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ग्राम पंचायत कर्मचारी, ग्रामीण और बड़ी संख्या में किसान कार्यक्रम में शामिल हुए।
ग्रामीणों ने संध्या चौपाल जैसे आयोजनों को गांव स्तर पर समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।
