बिन खेती गुजारा नहीं, पैदावार बढ़ाना जरुरी-कृषि मंत्री
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि खेती भारत के लिए ही नहीं, पूरी दुनिया के लिए बहुत जरुरी है। खाद्य जरुरत की पूर्ति के लिए भारत जैसे देश में बड़ी आबादी अपनी आजीविका खेती से ही चलाती है। कृषि अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान उसकी आत्मा हैं। भारत विश्वबन्धु भी है, हमारी वसुधैव कुटुंबकम की परिकल्पना भी है। आजकल हम अपने देश की ही खाद्य आवश्यकता की पूर्ति नहीं कर रहे बल्कि दुनिया के कई देशों में फल, सब्जियां निर्यात कर उन्हें सहयोग कर रहे हैं। खेती के लिए सबसे महत्वपूर्ण अच्छे बीज हैं। भारत में पैदावार बढ़ाना, उत्पादन की लागत कम करना, उत्पादन के ठीक दाम देना, नुकसान की भरपाई करना, कृषि विविधिकरण करने को लेकर अभियान चलाया गया है।
उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही भारत में कैबिनेट ने प्राकृतिक कृषि मिशन को मंजूरी दी है। अनियिन्त्रित केमिकल फर्टिलाइजर व कीटनाशकों के उपयोग के कारण धरती व मनुष्यों का स्वास्थ्य खराब हो गया है और जीवों के अस्तित्व पर भी प्रश्न चिन्ह लग गया है।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री चौहान ने कहा है कि देश के किसानों को हर हाल में अच्छी गुणवत्ता की खाद, बीज और कीटनाशक मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। श्री चौहान ने अपने मंत्रालय की विभागवार समीक्षा के दौरान इस संबंध में अफसरों को किसानों की व्यापक भलाई के लिए, दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी व प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। श्री चौहान ने कहा कि कई राज्यों में ऐसे दोषी लोगों के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई प्रभावी नहीं होने वे छूट जाते हैं, इस बारे में वे स्वयं शीघ्र ही राज्य सरकारों से बात करेंगे, ताकि राज्यों के स्तर पर प्रभावी कार्रवाई निरंतर की जाती रहे और जो कोई भी दोषी पाया जाएं, उन्हें कड़ी सजा मिल सकें, जिससे कि ऐसे घृणित कृत्य रूक सकें। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि देश के आम किसानों के हित में वे इस संबंध में किसी भी हालत में सख्त से सख्त कार्रवाई चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि कीटनाशक, बीज एवं फर्टिलाइजर किसी भी हालत में किसानों को बेहतर गुणवत्ता के ही मिलना चाहिए। राज्यों में प्रवास के दौरान किसान हमसे शिकायत करते हैं कि उन्हें कई बार घटिया क्वालिटी के ये आदान मिलते हैं, जिससे उन्हें नुकसान होता है। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने बैठक में सख्त लहजे में कहा कि एक जागरूक जनप्रतिनिधि के तौर पर हम किसानों की इन शिकायतों को लेकर मूकदर्शक बने नहीं रह सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नकली या घटिया किस्मों के कीटनाशक, खाद एवं उर्वरकों पर प्रभावी नियंत्रण के ठोस उपाय किए जाना चाहिए।
कृषि मंत्री श्री चौहान ने कहा कि आगामी फसल सीजन के मद्देनजर भी किसानों को इस संबंध में राहत मिलना चाहिए, इसके लिए वे शीघ्र ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों व मंत्रियों से भी चर्चा करेंगे।