बिहार में किसानों के लिए शुरू हुआ वासंतिक रबी अभियान

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया वासंतिक (रबी) महाभियान 2025-26 का शुभारंभ

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास, एक अणे मार्ग से वासंतिक (रबी) महाभियान 2025-26 का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर सभी 38 जिलों के लिए रवाना किया। ये एलईडी युक्त प्रचार वाहन पंचायत स्तर तक पहुँचकर किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

किसानों तक पहुंचेगी आधुनिक तकनीक

मुख्यमंत्री के इस अभियान से कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों और कृषि प्रसार कर्मियों की सक्रिय भूमिका रहेगी। वे खेत स्तर पर जाकर किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, फसल प्रबंधन, जलवायु अनुकूल खेती और विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

पारदर्शिता के साथ मिलेगा लाभ

अभियान के तहत किसानों को अनुदान, प्रशिक्षण और सरकारी सुविधाएं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। किसानों को खाद, प्रमाणित बीज, उद्यानिक फसलों के बीज और अन्य कृषि उपादान भी वितरित किए जाएंगे।

अनुदानित दरों पर बीज व उर्वरक

रबी महाभियान के दौरान किसानों को तेलहन, दलहन, मक्का, गेहूं और बागवानी फसलों के बीज अनुदानित दरों पर दिए जा रहे हैं। इससे न केवल उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों की लागत भी घटेगी।

आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनेगा किसान

सरकार का उद्देश्य है कि किसान सिर्फ परंपरागत खेती तक सीमित न रहें, बल्कि तकनीकी ज्ञान और संसाधनों के जरिए आत्मनिर्भर व प्रतिस्पर्धी बनें। बेहतर उत्पादन तकनीक और योजनाओं की जानकारी मिलने से वे अपनी फसलों को बाजार में बेहतर मूल्य पर बेच सकेंगे।

कार्यक्रम में मौजूद रहे वरिष्ठ मंत्री व अधिकारी

इस अवसर पर ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, कृषि विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।