वैज्ञानिकों को मिली बधाई, किसानों को मिला सम्मान
भारत का गेहूं ग्लोबल स्तर पर मचा रहा है धूम
करनाल — केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा के करनाल स्थित भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान (ICAR-IIWBR) में जीन एडिटिंग प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों के साथ सीधा संवाद कर कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों पर चर्चा की और देश में रिकॉर्ड गेहूं उत्पादन के लिए वैज्ञानिकों और किसानों की सराहना की।
मंत्री चौहान ने कहा, “एक समय था जब भारत को अमेरिका से पीएल-480 योजना के तहत सड़ा हुआ गेहूं मंगवाना पड़ता था, लेकिन आज हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत और किसानों की लगन से हम गेहूं उत्पादन में चीन के बाद दूसरे स्थान पर हैं। हमारा शरबती गेहूं आज दुनिया भर में पहचान बना रहा है।”
उन्होंने बताया कि देश के 80 करोड़ नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मुफ्त राशन मिल रहा है। चौहान ने कहा, “किसान अन्नदाता हैं। अन्न जीवन देता है, इसलिए किसान स्वयं जीवनदाता हैं। किसान की सेवा मेरे लिए ईश्वर की पूजा के समान है।”
अपने संबोधन में उन्होंने यह भी कहा कि “विकसित भारत, विकसित खेती के बिना संभव नहीं है।” उन्होंने कृषि क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की छह सूत्रीय रणनीति को भी रेखांकित किया, जिसमें शामिल हैं —
-
कृषि उत्पादन में वृद्धि
-
उत्पादन लागत में कमी
-
फसलों के वाजिब दाम
-
फसल हानि की भरपाई
-
खेती का विविधिकरण
-
प्राकृतिक खेती को बढ़ावा
मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बावजूद भारत ने 25 प्रतिशत गेहूं उत्पादन बढ़ाया है, जो वैज्ञानिकों और किसानों के साझा प्रयास का परिणाम है। मौके पर उपस्थित कई किसानों ने बताया कि नई रोग प्रतिरोधी किस्मों के प्रयोग से कीटनाशकों और फफूंदनाशकों के इस्तेमाल में कमी आई है, जिससे खेती अधिक लाभकारी हुई है।
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. रतन तिवारी ने विभिन्न शोध कार्यों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर क्षेत्रीय किसान, वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ और संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य वैज्ञानिक तकनीकों और सरकारी नीतियों के माध्यम से खेती को और अधिक समृद्ध और टिकाऊ बनाना रहा।