PM Kisan: किसानों के खातों में ट्रांसफर होंगे ₹18,640 करोड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जारी करेंगे पीएम-किसान की 22वीं किस्त, 9.32 करोड़ किसानों को मिलेगा ₹18,640 करोड़ का सीधा लाभ !!

गुवाहाटी कार्यक्रम से डीबीटी के जरिए किसानों के खातों में पहुंचेगी राशि 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी मिलेगा लाभ, कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर बोले कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नई दिल्ली। देश के किसानों के लिए बड़ी राहत और आर्थिक संबल के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 13 मार्च को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से देश के 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में ₹18,640 करोड़ की राशि सीधे हस्तांतरित करेंगे। इस संबंध में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान  ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि यह राशि किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की जाएगी, जिससे किसानों को खेती के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

महिला किसानों को भी मिलेगा बड़ा लाभ !!

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत अब तक ₹4.09 लाख करोड़ से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में पहुंचाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ 2.15 करोड़ से अधिक महिला किसानों को भी मिल रहा है। अध्ययनों से यह स्पष्ट हुआ है कि इस सीधी आर्थिक सहायता से किसानों का कृषि निवेश बढ़ा है और साहूकारों पर उनकी निर्भरता कम हुई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।

खाद्यान्न उत्पादन में भारत बना वैश्विक शक्ति !!

प्रेस वार्ता में चौहान ने पिछले एक दशक में कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत अब खाद्यान्न की कमी वाले देश से निकलकर वैश्विक कृषि शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 252 मिलियन टन था, जो अब बढ़कर 357 मिलियन टन तक पहुंच गया है। इसके साथ ही भारत 150 मिलियन टन चावल उत्पादन के साथ चीन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया में पहले स्थान पर पहुंच गया है।

बागवानी और दाल उत्पादन में भी रिकॉर्ड वृद्धि !!

कृषि मंत्री ने कहा कि बागवानी क्षेत्र में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। देश में फल और सब्जियों का उत्पादन 277 मिलियन टन से बढ़कर 369 मिलियन टन तक पहुंच गया है। दाल उत्पादन के क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आज भारत दालों का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता है। सरकार द्वारा तुअर, मसूर और उड़द जैसी दालों की रिकॉर्ड खरीद की जा रही है, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिल रहा है।

किसानों के लिए लॉन्च हुआ AI आधारित “भारत विस्तार” प्लेटफॉर्म !!

किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार ने “भारत विस्तार” (Bharat Vistar) नामक एक AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का पहला चरण लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए किसान केवल एक फोन कॉल के माध्यम से अपनी स्थानीय भाषा में खेती से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे किसानों को फसल प्रबंधन, मौसम, बाजार और नई तकनीकों की जानकारी आसानी से उपलब्ध होगी।

कृषि ऋण और बीमा सुरक्षा में भी बड़ी वृद्धि !!

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि किसानों को वित्तीय सुरक्षा देने के लिए सरकार ने कृषि ऋण की सीमा में भी बड़ा विस्तार किया है। वर्ष 2014 में कृषि ऋण ₹8.45 लाख करोड़ था, जो अब बढ़कर ₹28.69 लाख करोड़ तक पहुंच गया है।
इसके अलावा फसल बीमा योजना के तहत किसानों को लगभग ₹2 लाख करोड़ की क्लेम राशि उनके खातों में प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र के लिए बजट में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। यूपीए सरकार के समय जहां कृषि बजट करीब ₹27,000 करोड़ था, वहीं अब यह बढ़कर ₹1.40 लाख करोड़ से अधिक हो गया है।

कृषि मंत्री का संदेश !!

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कृषि विकास और किसान कल्याण का अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भी किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।