दलहन से सब्ज़ी तक, हर फसल पर सुरक्षा कवच !!
नई दिल्ली, 24 मार्च। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोकसभा में किसानों को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर हाल में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रभाव से देश के कई किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस !! 
लोकसभा में अपने वक्तव्य के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनके पसीने की पूरी कीमत दिलाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है और किसी भी परिस्थिति में अन्नदाता को संकट में नहीं छोड़ा जाएगा।
एमएसपी पर लागत + 50% का दावा !!
मंत्री ने बताया कि सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर लागत से 50 प्रतिशत अधिक मूल्य देने का प्रावधान लागू किया है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिल रहा है और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।
किसानों के लिए मजबूत सुरक्षा कवच !! 
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दलहन-तिलहन से लेकर फल-सब्ज़ियों तक सभी फसलों के लिए सरकार ने सुरक्षा कवच तैयार किया है। पीएम-आशा योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, भावांतर भुगतान योजना और मार्केट इंटरवेंशन स्कीम के माध्यम से किसानों की आय को सुरक्षित किया जा रहा है।
रिकॉर्ड एमएसपी खरीदी और डिजिटल पहल !!
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, सरकार ने एमएसपी पर रिकॉर्ड स्तर पर खरीदी की है। साथ ही, डिजिटल फार्मर आईडी और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे पारदर्शिता और तेजी दोनों सुनिश्चित हुई हैं।
फसल बीमा योजना में बड़ा बदलाव !!
उन्होंने बताया कि पहले फसल नुकसान का आकलन तहसील या ब्लॉक स्तर पर किया जाता था, लेकिन अब नियमों में बदलाव कर दिया गया है। अब यदि किसी एक किसान की फसल भी क्षतिग्रस्त होती है और उपज के आंकड़े इसकी पुष्टि करते हैं, तो उसे भी बीमा योजना के तहत मुआवजा मिलेगा। इससे कोई भी किसान बीमा सुरक्षा से वंचित नहीं रहेगा।
कागज नहीं, जमीन पर दिख रहे परिणाम !!
मंत्री ने स्पष्ट किया कि ये योजनाएं केवल कागजी नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। इनके सकारात्मक परिणाम किसानों की आय और सुरक्षा में साफ दिखाई दे रहे हैं।
किसान सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता !!
अंत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार किसान-हितैषी है और हर संकट में अन्नदाता के साथ मजबूती से खड़ी रहती है। उन्होंने दोहराया कि किसानों की मेहनत, सम्मान और आय की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।