फतेहपुर में 3 दिवसीय विराट किसान मेले का आयोजन, आधुनिक तकनीकों से रूबरू हुए किसान
फतेहपुर। कृषि विभाग द्वारा जनपद फतेहपुर में तीन दिवसीय मैदानी एग्रो-क्लाइमेटिक जोन स्तरीय विराट किसान मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल, बिंदकी विधायक जै कुमार सिंह ‘जैकी’ द्वारा किया गया, जबकि खागा विधायक कृष्णा पासवान ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
कई जनपदों के किसानों की रही सक्रिय भागीदारी
इस विराट किसान मेले में कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रूखाबाद, लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, रायबरेली, कौशाम्बी तथा फतेहपुर जनपदों के किसानों ने बड़ी संख्या में प्रतिभाग किया। किसानों ने नवीन कृषि तकनीकों, योजनाओं और यंत्रों की जानकारी प्राप्त की।
आधुनिक कृषि यंत्रों व तकनीकों की प्रदर्शनी
मेले में विभिन्न प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही विभिन्न विभागों के स्टाल, सजीव फसल प्रदर्शन, भूमि संरक्षण एवं खेत तालाब के मॉडल प्रस्तुत किए गए। किसानों को स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली और ड्रोन से कीटनाशक/उर्वरक छिड़काव का सजीव प्रदर्शन भी दिखाया गया, जिसे किसानों ने विशेष रुचि के साथ देखा।
वैज्ञानिकों ने दी कृषि एवं संबद्ध विषयों पर जानकारी
नैनी कृषि विश्वविद्यालय, चंद्रशेखर आज़ाद कृषि विश्वविद्यालय कानपुर तथा कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) के वैज्ञानिकों ने किसानों के साथ कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम उत्पादन और कृषि रक्षा जैसे विषयों पर परिचर्चा की। वैज्ञानिकों ने किसानों के प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्नत खेती के उपाय बताए।
समापन अवसर पर योजनाओं की दी गई जानकारी
मेले के समापन अवसर पर उत्तर प्रदेश के कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी ने प्रतिभाग कर किसानों को कृषि एवं संबद्ध विभागों की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी एवं सजीव फसल प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
लाभार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान फार्म मशीनरी बैंक, पीएम किसान सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाभी एवं प्रमाणपत्र वितरित किए गए। वहीं कृषि निदेशक ने नरोत्तम कुमार (DAO/DDAg), फतेहपुर को निर्देशित किया कि जनपद के किसानों को ढैंचा बीज उत्पादन के लिए प्रेरित किया जाए।
अधिकारी व विशेषज्ञ रहे उपस्थित
इस अवसर पर संयुक्त कृषि निदेशक संतोष कुमार राय, कृषि रक्षा अधिकारी रंजीत चौरसिया, भूमि संरक्षण अधिकारी अख्तर हुसैन तथा अमित मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।