वाराणसी में एक दिवसीय किसान मेला एवं कृषक ज्ञान संगोष्ठी का आयोजन, सैकड़ों किसानों ने लिया भाग
वाराणसी। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र, वाराणसी में एक दिवसीय किसान मेला एवं कृषक ज्ञान संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उप कृषि निदेशक (शोध) शिवकुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें सैकड़ों किसानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया उद्घाटन
मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित मृदा स्वास्थ्य कार्ड, फसल बीमा योजना, कृषि यंत्रीकरण एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन फसलों के साथ बीज परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण भी किया।
फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराने का आह्वान
संयुक्त कृषि निदेशक, वाराणसी मंडल, शैलेंद्र कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से अपील की कि वे शीघ्र ही अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं, ताकि पीएम किसान योजना सहित अन्य लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने प्रत्येक किसान से कम से कम पांच पौधे लगाने का भी अनुरोध किया।
वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक तकनीकों की जानकारी
अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान (IRRI) के वैज्ञानिक डॉ. विपिन कुमार ने धान की सीधी बुवाई तकनीक पर विस्तार से जानकारी दी।
राष्ट्रीय बीज अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. एम.पी. यादव ने उन्नतशील बीजों की उपलब्धता और बीज प्रौद्योगिकी की आधुनिक तकनीकों के बारे में किसानों को अवगत कराया।
डॉ. राहुल सिंह ने मशरूम की व्यावसायिक खेती पर विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों से बड़े पैमाने पर इसे अपनाकर अधिक लाभ कमाने का आह्वान किया।
खेती के साथ पशुपालन पर जोर
डॉ. पूजा सिंह ने किसानों को खेती के साथ पशुपालन अपनाने के लिए प्रेरित किया, जिससे मृदा में जीवांश कार्बन की मात्रा बनी रहे और भूमि की उर्वरता में वृद्धि हो।
राष्ट्रीय बीज निगम के सहायक महाप्रबंधक डॉ. योगेंद्र यादव ने बताया कि उन्नतशील बीजों का उत्पादन एवं वितरण किस प्रकार किया जाता है।
भूमि संरक्षण अधिकारी अशोक यादव ने मृदा स्वास्थ्य एवं जल संरक्षण योजनाओं, खेत तालाब योजना और भूमि सुधार कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मान
मेले में विभिन्न सरकारी एवं निजी फर्मों द्वारा कृषि प्रदर्शनी लगाई गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सन इंडिया, रोहनिया को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। साथ ही कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक (शोध) शिवकुमार ने सभी किसानों का आभार व्यक्त किया तथा केंद्र पर आयोजित प्रशिक्षण एवं नई बीज तकनीकों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. दुर्गेश सिंह ने किया। मेले में विनोद सोनकर, प्रक्षेत्र अधीक्षक सुनील कुमार, वनस्पति प्रभारी सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।