किसानों की किस्मत बदलेगा गोरखपुर का इथनॉल प्लांट!

इथनॉल प्लांट से किसानों की आमदनी बढ़ेगी, गोरखपुर को मिलेगा नया औद्योगिक आयाम

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहजनवां स्थित गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में केयान डिस्टिलरी के इथनॉल प्लांट का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राम नवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इथनॉल उत्पादन से न सिर्फ देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि किसानों की आमदनी में भी अभूतपूर्व बढ़ोतरी होगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सीएम योगी बोले – जल्द इथनॉल से चलेंगी गाड़ियां और हवाई जहाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कोई शराब फैक्ट्री नहीं, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाला इथनॉल उत्पादन केंद्र है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में देश में गाड़ियां और हवाई जहाज भी इथनॉल से चलेंगे। भारत हर साल 7-8 लाख करोड़ रुपये पेट्रोल और डीजल के आयात पर खर्च करता है, लेकिन अब किसानों के फसलों से बना इथनॉल इस खर्च में बड़ी बचत करेगा।

हर दिन तैयार होगा 3 लाख लीटर इथनॉल, होगा उत्पादन 5 लाख लीटर तक
सीएम ने जानकारी दी कि केयान डिस्टिलरी में प्रतिदिन साढ़े तीन लाख लीटर इथनॉल का उत्पादन किया जाएगा, जिसे आगे चलकर बढ़ाकर पांच लाख लीटर प्रतिदिन किया जाएगा। प्लांट में रेक्टिफाइड स्पिरिट का भी निर्माण होगा, जिसका उपयोग आधुनिक दवाइयों में किया जाएगा।

किसानों के लिए दोहरी कमाई का अवसर
मुख्यमंत्री ने किसानों से आह्वान किया कि वे टूटा चावल, खराब गेहूं, गन्ना और पराली इस प्लांट में बेचें। इससे उन्हें न सिर्फ उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि अनुपयोगी फसल अवशेष से भी अतिरिक्त कमाई होगी। उन्होंने बताया कि इस 1200 करोड़ रुपये की लागत से बने प्लांट से करीब 2000 लोगों को सीधा और इतने ही लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा।

गीडा बना निवेशकों की पहली पसंद
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आठ साल पहले जहां गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में कोई निवेश करने को तैयार नहीं था, वहीं आज हर उद्यमी यहां निवेश करना चाहता है। बीते आठ वर्षों में गीडा में 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है और 50 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में डिप्लोमा कोर्स, ट्रेनिंग सेंटर, प्लास्टिक पार्क, गारमेंट पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री जैसे कई प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है।

हरित ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम, पर्यावरण भी रहेगा सुरक्षित
मुख्यमंत्री ने टेक्नोलॉजी और पर्यावरण के संतुलन पर जोर देते हुए कहा कि निवेश के साथ-साथ हमें धरती माता की सेहत का भी ध्यान रखना होगा। उन्होंने ग्रीन एनर्जी, सौर ऊर्जा और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज तकनीक को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने नदियों को धरती की रक्तवाहिकाएं बताते हुए उनके संरक्षण का भी आह्वान किया।

युवाओं को मिला रोजगार, नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
मुख्यमंत्री ने इथनॉल टैंकर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत कर प्लांट की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कई नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। नियुक्ति पाने वालों में मनीषा पांडेय, निशिता श्रीवास्तव, रवि किरन प्रसाद, दिवाकर सिंह और पंकज शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।

उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केयान डिस्टिलरी के संस्थापक विनय कुमार सिंह, उनके परिवार और कंपनी के कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उद्घाटन कार्यक्रम में गोरखपुर सांसद रविकिशन शुक्ला, महापौर मंगलेश श्रीवास्तव, विधायकगण प्रदीप शुक्ला, विपिन सिंह, फतेहबहादुर सिंह, महेन्द्र पाल सिंह, सरवन निषाद, एमएलसी डॉ धर्मेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।