12–14 मार्च को नई दिल्ली में जुटेंगे दुनिया भर के कृषि विशेषज्ञ !!

नई दिल्ली में 12–14 मार्च को होगा वैश्विक सम्मेलन GCWAS–2026, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी उद्घाटन !!

नई दिल्ली, 11 मार्च। कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका को सशक्त बनाने और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 से 14 मार्च 2026 के बीच नई दिल्ली में ग्लोबल कॉन्फ्रेंस ऑन वीमेन इन एग्री-फूड सिस्टम्स (GCWAS–2026) का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू करेंगी।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

सम्मेलन का उद्देश्य कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने, लैंगिक संवेदनशील नीतियों को प्रोत्साहित करने तथा तकनीकी नवाचारों के माध्यम से समावेशी कृषि विकास को नई दिशा देना है।

समावेशी कृषि विकास के लिए वैश्विक मंच !!

सम्मेलन से जुड़े विशेषज्ञों के अनुसार यह आयोजन दुनिया भर के नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों, उद्यमियों और महिला किसानों को एक साझा मंच प्रदान करेगा। प्रख्यात कृषि वैज्ञानिक डॉ. एम.एल. जाट ने कहा कि GCWAS–2026 के माध्यम से लैंगिक नीति निर्माण, तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने और समावेशी कृषि विकास के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर महिलाओं की भूमिका को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

गहन तकनीकी सत्रों की श्रृंखला !!

तीन दिवसीय कार्यक्रम को कई महत्वपूर्ण तकनीकी सत्रों के रूप में तैयार किया गया है, जिनमें कृषि और खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका के विभिन्न आयामों पर चर्चा होगी।

1. महिलाओं के साथ वैश्विक संवाद !!
इस सत्र में महिला लीडर्स, वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों द्वारा अपनी प्रेरणादायक सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी, जिससे नई पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलेगा।

2. लैंगिक समानता और सामाजिक भागीदारी !!
इस सत्र में कृषि नीतियों और संस्थागत ढांचे में लैंगिक संवेदनशील दृष्टिकोण को शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

3. आर्थिक समावेशन से महिलाओं को सशक्त बनाना !!
मूल्य श्रृंखला में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने के लिए उद्यमिता, वित्तीय मॉडल और बाजार संपर्क जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

4. बदलाव के लिए तकनीकी नवाचार !!
डिजिटल उपकरणों, जलवायु-अनुकूल तकनीकों और महिलाओं के लिए सुलभ कृषि तकनीक पर चर्चा होगी, जिससे उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ श्रम भी कम किया जा सके।

महिला किसान और युवा मंच भी होंगे आकर्षण !!

सम्मेलन में विशेष मंचों का भी आयोजन किया जाएगा। महिला किसान मंच के माध्यम से जमीनी स्तर की चुनौतियों और समाधानों पर चर्चा होगी। युवा मंच के जरिए कृषि-खाद्य क्षेत्र के युवा नेतृत्व को जोड़कर उनके बीच सहयोग और नेटवर्किंग को बढ़ावा दिया जाएगा।

महिला उद्यमियों के नवाचारों की प्रदर्शनी !!

सम्मेलन के दौरान एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिसमें महिलाओं के लिए विकसित तकनीकों, योजनाओं और हस्तक्षेपों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह मंच महिला नेतृत्व वाले उद्यमों और स्टार्टअप्स को अपने उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित करने का अवसर भी देगा।

भविष्य की नीतियों के लिए बनेगा रोडमैप !!

GCWAS–2026 का उद्देश्य कृषि-खाद्य प्रणालियों में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने के लिए व्यावहारिक सुझाव तैयार करना, वैश्विक सर्वोत्तम अनुभवों को साझा करना और भविष्य के लिए स्पष्ट रोडमैप बनाना है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सम्मेलन से निकलने वाले सुझाव लैंगिक नीति निर्माण, तकनीकी नवाचार और समावेशी कृषि विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।