November 26, 2026 3:13 PM

Krishi Times

Archive story

किसानों की मेहनत लाई रंग, खाद्यान्न उत्पादन में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड!

कृषि उत्पादन में भारत का नया रिकॉर्ड: 2025-26 में 3785.38 लाख टन खाद्यान्न पैदा, खरीफ 2026-27 में भी बंपर पैदावार का अनुमान!

दलहन, तिलहन और फसल विविधीकरण पर सरकार का विशेष जोर; चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर

नई दिल्ली, 26 नवंबर। भारतीय कृषि क्षेत्र ने उत्पादन के मोर्चे पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन बढ़कर 3785.38 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह पिछले वर्ष की तुलना में 208.06 लाख टन अधिक है। वहीं, वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में भी 1671.43 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन होने का अनुमान लगाया गया है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वर्ष 2025-26 की प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की मेहनत, सरकारी योजनाओं और कृषि वैज्ञानिकों के प्रयासों से भारत ने वैश्विक कृषि क्षेत्र में अपनी स्थिति मजबूत की है।

कृषि मंत्री के अनुसार, भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है, जबकि गन्ने के उत्पादन में ब्राजील के बाद भारत का स्थान दूसरा है।

खाद्यान्न उत्पादन में 208 लाख टन से अधिक की वृद्धि

वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमानों के मुताबिक, देश में कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 3577.32 लाख टन था। इस तरह एक वर्ष में उत्पादन में 208.06 लाख टन की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

धान और गेहूं के पैदावार में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। देश में धान की पैदावार 1551.54 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष के 1501.84 लाख टन से 49.70 लाख टन अधिक है। इसी तरह गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 1179.45 लाख टन था।

मक्का उत्पादन में भी बड़ी छलांग देखने को मिली। वर्ष 2025-26 में मक्का का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 434.09 लाख टन था। यह वृद्धि पशुपालन, पोल्ट्री, खाद्य प्रसंस्करण और इथेनॉल उद्योग के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

दलहन और तिलहन उत्पादन में नए रिकॉर्ड

देश में दलहन और तिलहन की बढ़ती मांग को देखते हुए इन फसलों का पैदावार बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता बन गया है। वर्ष 2025-26 में कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 256.83 लाख टन से 15.57 लाख टन अधिक है।

दलहन उत्पादन में मूंग ने 43.96 लाख टन का नया रिकॉर्ड बनाया। चना उत्पादन 125.13 लाख टन और अरहर का उत्पादन 35.99 लाख टन रहा।

तिलहन उत्पादन भी बढ़कर 432.55 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसमें मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12.29 लाख टन अधिक है। रेपसीड एवं सरसों का उत्पादन भी बढ़कर 137.66 लाख टन हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 126.67 लाख टन था। सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन दर्ज किया गया।

इन आंकड़ों से संकेत मिलता है कि दलहन और तिलहन की खेती में किसानों की भागीदारी बढ़ रही है। इससे खाद्य तेलों और दालों के आयात पर निर्भरता कम करने के प्रयासों को मजबूती मिल सकती है।

श्री अन्न और मोटे अनाज का उत्पादन 740 लाख टन से अधिक

पोषक अनाज और मोटे अनाज की खेती में भी भारत ने मजबूत प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025-26 में इनका कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा। इसमें श्री अन्न का योगदान 172.09 लाख टन दर्ज किया गया।

मोटे अनाज की बढ़ती मांग को देखते हुए यह उपलब्धि महत्वपूर्ण है। जलवायु अनुकूल खेती, कम पानी में उत्पादन और पोषण सुरक्षा के लिहाज से बाजरा, ज्वार और रागी जैसी फसलें किसानों के लिए नए अवसर पैदा कर रही हैं।

गन्ना, कपास और जूट उत्पादन की स्थिति

नकदी फसलों में भी देश ने बेहतर उत्पादन दर्ज किया है। वर्ष 2025-26 में गन्ने का कुल उत्पादन 5037.29 लाख टन रहा। कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठें दर्ज किया गया। प्रत्येक गांठ का वजन 170 किलोग्राम है।

वहीं, जूट एवं मेस्ता का उत्पादन 94.28 लाख गांठें रहा। प्रत्येक गांठ का वजन 180 किलोग्राम है।

खरीफ 2026-27: प्रतिकूल मौसम के बावजूद बेहतर उत्पादन की उम्मीद

कृषि मंत्री ने खरीफ 2026-27 के प्रथम अग्रिम अनुमानों की जानकारी देते हुए बताया कि इस सीजन में अल नीनो, मानसून में देरी और कुछ प्रमुख कृषि राज्यों में कम बारिश तथा मिट्टी की नमी में गिरावट जैसी चुनौतियां सामने आईं।

महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का असर फसलों की बुवाई पर पड़ा। इसके बावजूद किसानों के प्रयासों और जलवायु अनुकूल किस्मों के इस्तेमाल से खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने का अनुमान है।

यह पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ खाद्यान्न उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है।

खरीफ धान और मोटे अनाज की पैदावार का अनुमान

प्रथम अग्रिम अनुमानों के अनुसार, खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने की संभावना है।

मोटे एवं पोषक अनाज का कुल उत्पादन 381.05 लाख टन अनुमानित है। इसमें मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन, रागी 12.48 लाख टन और छोटे मिलेट्स 3.71 लाख टन शामिल हैं।

यह उत्पादन अनुमान खरीफ क्षेत्र में खाद्य एवं पोषण सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

खरीफ दलहन और तिलहन: क्या कहते हैं आंकड़े?

खरीफ 2026-27 में कुल दलहन उत्पादन 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें अरहर का योगदान 31.22 लाख टन, मूंग का 16.59 लाख टन और उड़द का 14.49 लाख टन रहने की संभावना है। अन्य दलहनों का उत्पादन 9.02 लाख टन अनुमानित है।

वहीं, खरीफ तिलहन उत्पादन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें मूंगफली 111.68 लाख टन और सोयाबीन 102.44 लाख टन के साथ प्रमुख फसलें होंगी। अरंडी का उत्पादन 18.97 लाख टन, तिल 4.91 लाख टन, सूरजमुखी 1.17 लाख टन और रामतिल 0.30 लाख टन अनुमानित है।

गेहूं-धान के बाद अब दाल और खाद्य तेल में आत्मनिर्भरता की तैयारी

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश में गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। अब सरकार का विशेष ध्यान दलहन और तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर है।

इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और राष्ट्रीय तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने, किसानों को बेहतर बीज उपलब्ध कराने, उन्नत तकनीक अपनाने और खेती के रकबे में विस्तार के प्रयास किए जा रहे हैं।

फसल विविधीकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि किसान पारंपरिक फसलों के साथ ऐसी फसलों की खेती कर सकें जिनकी बाजार में अच्छी मांग है और जिनसे उनकी आमदनी बढ़ सकती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, दालों और खाद्य तेलों के घरेलू उत्पादन में निरंतर वृद्धि भारत की खाद्य सुरक्षा के साथ-साथ किसानों की आय और कृषि व्यापार के लिए भी महत्वपूर्ण होगी।

भारतीय चावल की वैश्विक बाजार में बढ़ती मांग

कृषि मंत्री ने भारतीय चावल के बढ़ते निर्यात का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारतीय चावल और बासमती की मांग बनी हुई है।

भारत के लिए यह उपलब्धि केवल उत्पादन तक सीमित नहीं है। बेहतर गुणवत्ता, प्रसंस्करण, भंडारण और निर्यात नेटवर्क के माध्यम से किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

डिजिटल सर्वे और वैज्ञानिक सत्यापन से तैयार हुए उत्पादन अनुमान

कृषि मंत्रालय के अनुसार, जारी किए गए उत्पादन अनुमान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से प्राप्त आंकड़ों के अलावा रिमोट सेंसिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे और साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह की जानकारियों के आधार पर तैयार किए गए हैं।

इन आंकड़ों के सत्यापन के लिए उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ भी विचार-विमर्श किया गया है। इसके अलावा त्रि-स्तरीय सत्यापन और आंकड़ों के तुलनात्मक विश्लेषण की प्रक्रिया अपनाई गई है।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि खरीफ 2026-27 के ये प्रथम अग्रिम अनुमान हैं। फसल कटाई प्रयोगों (CCEs) से वास्तविक उपज के आंकड़े मिलने के बाद इन्हें दूसरे और अंतिम अनुमानों में संशोधित किया जाएगा।

किसानों के लिए उत्पादन के साथ लाभकारी कीमत भी जरूरी

रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन भारतीय कृषि की बढ़ती क्षमता को दर्शाता है। हालांकि, कृषि क्षेत्र की वास्तविक मजबूती का आकलन केवल उत्पादन के आधार पर नहीं किया जा सकता। किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य, समय पर खरीद, बेहतर भंडारण, प्रसंस्करण सुविधाएं और बाजार तक सीधी पहुंच मिलना भी उतना ही जरूरी है।

दलहन और तिलहन उत्पादन में वृद्धि के साथ यदि किसानों को बेहतर बाजार और मूल्य समर्थन मिलता है, तो इससे आयात निर्भरता घटाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल सकती है।

कृषि उत्पादन के ये आंकड़े भारत की खाद्य सुरक्षा के लिए सकारात्मक संकेत हैं। अब बड़ी चुनौती इस रिकॉर्ड उत्पादन को किसानों की बेहतर आमदनी, कृषि निर्यात और ग्रामीण रोजगार में बदलने की है।

चित्र: फाइल