📰 हमीरपुर-महोबा दौरे पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, उर्वरक-बीज वितरण की स्थिति का लिया जायजा
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शनिवार को बाँदा मंडल के हमीरपुर और महोबा जिलों का दौरा कर कृषि एवं सहकारिता विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक की और आगामी रबी फसलों की बुवाई से पहले खाद और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली।
समीक्षा बैठक और निर्देश
बैठक में मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज और पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराया जाए, ताकि बुवाई कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान तक कृषि संसाधन आसानी से और सुचारू रूप से पहुंचें।
सहकारी समितियों का निरीक्षण
मंत्री शाही ने सुमेरपुर विकास खंड के हेलापुर स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति का निरीक्षण किया। समिति के सचिव कमल किशोर शर्मा ने जानकारी दी कि समिति पर वर्तमान में 38.4 मीट्रिक टन (768 बैग) डीएपी, 525 बैग यूरिया और पर्याप्त मात्रा में एनपीके उपलब्ध है।
निरीक्षण के दौरान वहां मौजूद किसानों ने कृषि मंत्री को बताया कि उन्हें उर्वरक समय पर और पर्याप्त मात्रा में मिल रहा है तथा किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
महोबा में निरीक्षण
महोबा जिले में कृषि मंत्री ने हमीरपुर डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, कबरई और कुशवाहा बीज एवं उर्वरक भंडार का निरीक्षण किया। यहां भी उर्वरकों की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
इसके अलावा, मौदहा स्थित श्री बाला जी खाद भंडार का भी निरीक्षण किया गया। विक्रेता अजय कुमार ने मंत्री को बताया कि वर्तमान में उनकी दुकान पर एनपीके (202013) की 2323 बोरी, डीएपी की 864 बोरी और यूरिया की 3050 बोरी उपलब्ध है।
सरकारी और निजी दुकानों पर उपलब्ध उर्वरक
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि जो उर्वरक सरकारी समितियों पर किसानों को उपलब्ध है, वही उर्वरक निजी दुकानों पर भी पर्याप्त मात्रा में मिल रहा है। इस पर कृषि मंत्री ने किसानों से अपील की कि वे आवश्यकता अनुसार सहकारी समितियों के साथ-साथ निजी दुकानों से भी उर्वरक प्राप्त करें।
किसानों के लिए – मुफ्त मिनी किट
कृषि मंत्री ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वे कृषि विभाग के “दर्शन पोर्टल” पर ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य कराएं। पंजीकरण करने वाले किसानों को विभाग की ओर से चना, मूंग, मटर, अलसी और सरसों के बीज की दो-दो किलो की निःशुल्क मिनी किट उपलब्ध कराई जाएगी। इससे किसानों को फसलों की उत्पादकता बढ़ाने और खेती को और अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।
किसानों को संदेश
मंत्री शाही ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा और उनकी पैदावार को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। किसानों को उर्वरक व बीज की किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहे हैं और यदि किसी किसान को समस्या आती है तो तुरंत संबंधित अधिकारी से संपर्क करें।
इस दौरान कार्यकारी निदेशक सहकारिता विनोद पटेल, अपर निदेशक भूमि सरंक्षण रमेश कुमार मौर्य, उप निदेशक कृषि महोबा, जिला कृषि अधिकारी महोबा, ए.आर. कोऑपरेटिव उपस्थित रहे।































