गन्ना तौल में घटतौली रोकने के लिए योगी सरकार सख्त, वेब्रिज और सॉफ्टवेयर से छेड़छाड़ पर मिलों के साथ कंपनियों पर भी होगी कार्रवाई
लखनऊ, 27 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों के हितों की रक्षा और घटतौली पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए योगी सरकार ने चीनी मिलों की तौल व्यवस्था पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अब गन्ने की तौल में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज, हार्डवेयर या सॉफ्टवेयर में किसी भी तरह की छेड़छाड़ पाए जाने पर संबंधित चीनी मिल के साथ-साथ सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पेराई सत्र 2026-27 के दौरान किसानों को उनके गन्ने का सही वजन सुनिश्चित कराने के लिए गन्ना विकास विभाग ने तौल व्यवस्था को पारदर्शी और छेड़छाड़ रहित बनाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत चीनी मिलों के गेट और बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों पर लगे तौल यंत्रों की तकनीकी जांच और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
वेब्रिज की सेटिंग से नहीं हो सकेगी छेड़छाड़
गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में प्रदेश की सभी चीनी मिलों के आईटी प्रमुखों, सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर प्रदाताओं तथा एएमसी (वार्षिक रखरखाव) कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में तौल व्यवस्था की तकनीकी खामियों को दूर करने और डिजिटल प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि गन्ना तौल में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज की शुद्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। तौल यंत्रों में अवांछित कैलिब्रेशन या तकनीकी बदलाव के जरिए वजन में हेरफेर की किसी भी संभावना को समाप्त किया जाए।
इसके लिए प्रत्येक जांच के बाद कैलिब्रेशन उपकरण को सील करने और वेब्रिज में केवल डेटा आउटपुट की सुविधा रखने के निर्देश दिए गए हैं। यानी तौल मशीन में दर्ज वास्तविक वजन का डेटा देखा जा सकेगा, लेकिन उसमें अनधिकृत तरीके से बदलाव करने की सुविधा नहीं होगी।
एनालॉग की जगह डिजिटल तकनीक अनिवार्य
विभाग ने तौल व्यवस्था को अधिक विश्वसनीय बनाने के लिए एनालॉग इंडिकेटर के स्थान पर डिजिटल लोड सेल और डिजिटल इंडिकेटर का इस्तेमाल करने पर जोर दिया है। साथ ही, छेड़छाड़ रहित (Non-Tamperable) इलेक्ट्रॉनिक वेब्रिज लगाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
चीनी मिलों को अपने हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर में जरूरी सुधार करने होंगे, ताकि गन्ने के वास्तविक वजन और कंप्यूटर में दर्ज वजन के बीच किसी प्रकार का अंतर पैदा न किया जा सके।
मिलों के साथ सॉफ्टवेयर कंपनियां भी होंगी जिम्मेदार
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यदि विभागीय परीक्षण, औचक निरीक्षण या छापेमारी के दौरान वेब्रिज अथवा उससे जुड़े सॉफ्टवेयर में छेड़छाड़ सामने आती है तो केवल चीनी मिल प्रबंधन ही नहीं, बल्कि संबंधित हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर प्रदाता कंपनियों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
यह कदम इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि गन्ने के वजन में मामूली हेरफेर भी बड़े स्तर पर किसानों के भुगतान को प्रभावित कर सकता है। डिजिटल तौल प्रणाली की निगरानी से ऐसी अनियमितताओं पर अंकुश लगाने और किसानों को उनकी वास्तविक गन्ना आपूर्ति का भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों पर भी लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
विभाग ने चीनी मिल गेट के साथ-साथ बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। इससे तौल प्रक्रिया की निगरानी की जा सकेगी और किसानों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच में मदद मिलेगी।
गन्ना एवं चीनी विभाग तथा बांट-माप विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से चीनी मिलों के गेट और बाहरी गन्ना क्रय केंद्रों पर स्थापित तौल यंत्रों की जांच करेंगे। किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के भुगतान और भरोसे से जुड़ा है सही वजन
प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 शुरू हो चुका है और सभी चीनी मिलों में गन्ने की खरीद जारी है। ऐसे में तौल व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना किसानों के आर्थिक हितों के लिए बेहद जरूरी है। घटतौली की शिकायतें किसानों की आय और चीनी मिलों पर उनके भरोसे को सीधे प्रभावित करती हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर घटतौली की दैनिक निगरानी की जा रही है। गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी के निर्देशन तथा अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास वीना कुमारी के निर्देशों के अनुपालन में विभाग ने निगरानी व्यवस्था को और सख्त किया है।
गन्ना आयुक्त ने परिक्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जारी दिशा-निर्देशों का जमीनी स्तर पर कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि घटतौली की समस्या को समाप्त किया जा सके और किसानों को उनके गन्ने का पूरा मूल्य मिल सके।





























