पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की पहल, 17 हजार ‘वृक्ष मित्रों’ से संवाद करेंगे कृषि मंत्री!
नई दिल्ली। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने और हरित भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली के पूसा परिसर में आयोजित ‘पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम’ में शामिल होंगे। कार्यक्रम में देशभर के लगभग 17 हजार वृक्ष मित्र प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
आज (रविवार) सुबह 11:30 बजे पूसा परिसर के सुब्रमण्यम हॉल में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां भाग लेंगी। कार्यक्रम में 500 से अधिक वृक्ष मित्र प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि 16 हजार से अधिक प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण के इस राष्ट्रीय अभियान का हिस्सा बनेंगे।
प्रमुख पर्यावरणविद साझा करेंगे अनुभव
कार्यक्रम में देश के जाने-माने पर्यावरणविद अनिल जोशी और अनूप हजेला भी शामिल होंगे। वे प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों और पर्यावरण बचाने में जनसहभागिता की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे। साथ ही, टिकाऊ विकास और प्रकृति संरक्षण के सफल मॉडलों पर भी चर्चा होगी।
देशभर के वृक्ष मित्रों से होगा संवाद
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा विभिन्न राज्यों से आए वृक्ष मित्रों के साथ संवाद रहेगा। वृक्ष मित्र अपने क्षेत्रों में किए गए वृक्षारोपण, जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के अनुभव साझा करेंगे। कृषि मंत्री उनके प्रयासों को जानेंगे और सफल पहलों को व्यापक स्तर पर अपनाने की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
पौधरोपण से देंगे हरित भारत का संदेश
कार्यक्रम के दौरान पूसा परिसर में वृक्ष मित्रों के साथ पौधरोपण भी किया जाएगा। यह पहल केवल प्रतीकात्मक नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश देगी। विशेषज्ञों का मानना है कि बढ़ते तापमान, घटते हरित क्षेत्र और जल संकट जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए सामुदायिक स्तर पर वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण बेहद आवश्यक है।
जनभागीदारी से मजबूत होगा पर्यावरण संरक्षण अभियान
पर्यावरण संरक्षण संकल्प कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करना और वृक्षारोपण, जल संरक्षण तथा जैव विविधता संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। देशभर के वृक्ष मित्रों की भागीदारी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में सहायक होगी।
चित्र: फाइल






























