September 28, 2026 6:08 AM

Krishi Times

Archive story

मंगला पशु बीमा योजना से सुरक्षित हुआ पशुधन!

ग्रामीण सेवा शिविर में महिला पशुपालक को मिला मंगला पशु बीमा योजना का लाभ, पशुधन को मिली सुरक्षा

सीकर, 24 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर (फॉलो-अप शिविर) ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इसी क्रम में पंचायत समिति अजीतगढ़ की ग्राम पंचायत आसपुरा में आयोजित शिविर के दौरान पशुपालन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला पशुपालक मनकोर देवी को मंगला पशु बीमा योजना का लाभ प्रदान किया।

शिविर में मनकोर देवी ने अधिकारियों को बताया कि उनके पास दुग्ध उत्पादन के लिए गाय और भैंसें हैं, लेकिन पशुओं का बीमा नहीं होने के कारण दुर्घटना, बीमारी या मृत्यु जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक नुकसान का खतरा बना रहता था। उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें योजना की जानकारी दी और मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर आवेदन प्रक्रिया पूरी करवाई।

आवेदन स्वीकृत होने के बाद मनकोर देवी के पशुओं का सफलतापूर्वक बीमा किया गया। इससे अब किसी भी अप्रत्याशित घटना की स्थिति में उन्हें योजना के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता प्राप्त हो सकेगी। यह पहल न केवल उनके पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि परिवार की आय और आजीविका को भी मजबूती प्रदान करेगी।

पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच बनी योजना

विशेषज्ञों के अनुसार पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और पशुओं की मृत्यु या दुर्घटना से किसानों एवं पशुपालकों को बड़ा आर्थिक झटका लग सकता है। ऐसे में पशु बीमा योजनाएं जोखिम प्रबंधन का प्रभावी साधन बन रही हैं। मंगला पशु बीमा योजना का उद्देश्य पशुपालकों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान कर पशुधन आधारित आजीविका को मजबूत करना है।

मनकोर देवी ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से उन्हें बिना किसी अतिरिक्त भागदौड़ के सरकारी योजना का लाभ मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जिला प्रशासन तथा पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंच रहा है।

ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार विभिन्न विभागों की योजनाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रही है, जिससे आमजन को राहत मिलने के साथ सरकारी सेवाओं की पहुंच भी बढ़ रही है।