October 2, 2026 3:54 AM

Krishi Times

Archive story

गन्ना किसानों को 10 दिन की अतिरिक्त राहत!

पेराई सत्र 2026-27: गन्ना समिति सदस्यता की समयसीमा बढ़ी, अब 10 अक्टूबर तक मिलेगा मौका

लखनऊ, 1 अक्टूबर 2026। प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों और किसान जनप्रतिनिधियों की मांग को देखते हुए उत्तर प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना समिति की सदस्यता लेने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब ऐसे किसान, जो अभी तक गन्ना समिति के सदस्य नहीं बन सके हैं, 10 अक्टूबर 2026 तक सदस्यता ले सकेंगे।

किसानों को मिला 10 दिन का अतिरिक्त अवसर

गन्ना एवं चीनी विभाग की समीक्षा बैठक में बताया गया कि पहले पेराई सत्र 2026-27 की सट्टा नीति के तहत गन्ना समिति की सदस्यता लेने और उपज बढ़ोत्तरी के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित थी। प्राकृतिक आपदा और किसानों की मांग को देखते हुए अब इस समयसीमा में 10 दिन की अतिरिक्त बढ़ोतरी की गई है।

इस फैसले से विशेष रूप से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश निर्धारित अवधि में समिति की सदस्यता नहीं ले पाए थे। सदस्य बनने के बाद किसान मौजूदा पेराई सत्र में नियमानुसार गन्ने की आपूर्ति कर सकेंगे।

पहली बार गन्ना उगाने वाले किसान भी बनें समिति सदस्य

गन्ना आयुक्त ने किसानों से अपील की है कि जिन किसानों ने पहली बार गन्ने की खेती शुरू की है, वे समयसीमा के भीतर संबंधित गन्ना समिति की सदस्यता जरूर लें। समिति के सदस्य बनने से उन्हें पेराई सत्र में नियमानुसार गन्ना आपूर्ति की प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

विभाग के अनुसार, अधिक संख्या में किसानों के समिति से जुड़ने से गन्ने की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। किसानों को राज्य सरकार द्वारा घोषित गन्ना मूल्य दर के अनुसार भुगतान प्राप्त होगा।

औसत से अधिक उपज वाले किसान कर सकेंगे आवेदन

गन्ना आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन किसानों के खेतों में गन्ने की उपज संबंधित जिले की औसत उपज से अधिक है, वे उपज बढ़ोत्तरी के लिए 10 अक्टूबर 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं।

विभाग की व्यवस्था के अनुसार, उपज बढ़ोत्तरी का लाभ उन्हीं किसानों को दिया जाएगा, जिन्होंने निर्धारित अंतिम तिथि तक अपना आवेदन जमा कर दिया है। इसलिए किसानों को अंतिम समय का इंतजार किए बिना संबंधित समिति अथवा विभागीय व्यवस्था के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

किसान समयसीमा का रखें ध्यान

गन्ना समिति की सदस्यता और उपज बढ़ोत्तरी से जुड़ी प्रक्रिया सीधे तौर पर पेराई सत्र में किसानों की गन्ना आपूर्ति व्यवस्था से जुड़ी है। ऐसे में किसानों के लिए जरूरी है कि वे अपने रिकॉर्ड और आवेदन से संबंधित जानकारी समय रहते जांच लें और निर्धारित तिथि 10 अक्टूबर 2026 से पहले आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर लें।

24 घंटे उपलब्ध है किसान कॉल सेंटर

गन्ना विकास विभाग ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यालय स्तर पर टोल-फ्री किसान कॉल सेंटर 1800-121-3203 स्थापित किया है। किसान गन्ना समिति की सदस्यता, गन्ना आपूर्ति अथवा अन्य विभागीय समस्याओं के संबंध में इस नंबर पर 24 घंटे, सातों दिन संपर्क कर सकते हैं।

विभाग ने किसानों से अपील की है कि किसी भी समस्या या जानकारी की आवश्यकता होने पर किसान किसान कॉल सेंटर का उपयोग करें, ताकि उनकी शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जा सके।