रिपोर्ट: आशुतोष शुक्ल
यूपी में खेती बनी फायदे का सौदा, किसानों को मिला उन्नत पौध का सहारा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के प्रयासों का असर अब साफ नजर आने लगा है। सरकार की किसान-हितैषी नीतियों के चलते प्रदेश में फलों और सब्जियों के उपज में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2016-17 की तुलना में अब तक करीब 150 प्रतिशत उत्पादन में वृद्धि हो चुकी है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
आंकड़ों के मुताबिक, 2016-17 में फलों और सब्जियों का क्षेत्रफल क्रमश: 4.75 लाख हेक्टेयर और 12.56 लाख हेक्टेयर था, जबकि उत्पादन 105 और 278 लाख मीट्रिक टन हुआ करता था। 2024-25 में यह क्षेत्रफल बढ़कर क्रमश: 5.92 लाख हेक्टेयर और 14.85 लाख हेक्टेयर हो गया है। इसी दौरान उत्पादन भी बढ़कर 170.95 और 423.54 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। इस प्रकार कुल मिलाकर 3.46 लाख हेक्टेयर क्षेत्र और 211 लाख मीट्रिक टन उत्पादन की वृद्धि हुई है।
किसानों को मिल रही उन्नत पौध और तकनीकी मदद
प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि सरकार किसानों को उच्च गुणवत्ता की फल और सब्जियों की पौध उपलब्ध करा रही है, जिससे उनकी पैदावार में न केवल बढ़ोतरी हो रही है बल्कि गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है।
योगी सरकार नई तकनीकों की मदद से पौध तैयार कर किसानों तक पहुंचा रही है। साथ ही, स्थानीय स्तर पर किसानों को प्रशिक्षण, उन्नत बीज, पौध सामग्री और तकनीकी सलाह भी मुहैया कराई जा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि किसानों की आय को दोगुना करने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।