खेजड़ी और हरे पेड़ों की सुरक्षा के लिए सख्त कानून लाएगी सरकार, जयपुर में अहम बैठक
जयपुर, – राज्य वृक्ष खेजड़ी और अन्य हरे पेड़ों के संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार अब सख्त कानून लाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल की अध्यक्षता में विधेयक को लेकर तीसरी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों की मौजूदगी
बैठक में राजस्व मंत्री हेमन्त मीणा सहित वन, विधि और राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों ने प्रस्तावित कानून के विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव साझा किए।
विधेयक के प्रारूप पर गहन चर्चा
इस बैठक में पूर्व में हुई दूसरी बैठक के निर्णयों के आधार पर तैयार विधेयक का प्रारूप प्रस्तुत किया गया। अधिकारियों और मंत्रियों ने इसके हर बिंदु पर विस्तार से चर्चा करते हुए जल्द अंतिम रूप देने की रूपरेखा तय की। खास बात यह रही कि कानून ऐसा बनाया जाए जिससे आमजन को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो।
पेड़ों की कटाई पर सख्त प्रावधान
सरकार ने पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए हरे पेड़ों की कटाई पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कठोर प्रावधान शामिल करने पर जोर दिया। विधेयक में क्षेत्राधिकार, जांच प्रक्रिया, अपील, दंड प्रावधान और क्रियान्वयन तंत्र जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से विचार किया गया।
संरक्षित पेड़ों की सूची होगी शामिल
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रजातियों की एक सूची तैयार कर उसे विधेयक में शामिल किया जाएगा। इससे विशेष रूप से संरक्षित पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
जल्द आएगा संशोधित ड्राफ्ट
बैठक में मिले सुझावों को समाहित करते हुए विधेयक का संशोधित प्रारूप जल्द तैयार करने का फैसला लिया गया। इससे राज्य में पर्यावरण संरक्षण के लिए एक मजबूत और प्रभावी कानूनी ढांचा स्थापित होने की उम्मीद है।